बिहार के पूर्व जदयू विधायक गोपाल मंडल पर FIR दर्ज, लंबे समय बाद फ‍िर विवादों से नेताजी का हुआ सामना, होली से जुड़ा है मामला

 होलिका दहन के दौरान भागलपुर में सार्वजनिक स्थल पर पिस्टल लहराने के मामले में गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक रहे नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई भागलपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद पुलिस सतर्क हो गई। वीडियो में देखा गया कि होली के अवसर पर आयोजित होलिका दहन कार्यक्रम में गोपाल मंडल हाथ में पिस्टल लेकर सार्वजनिक स्थल पर घूमते नजर आए।

होलिका दहन में पिस्टल लहराने पर पूर्व विधायक पर एफआईआर

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की सतत निगरानी की जा रही है। इसी दौरान यह वीडियो संज्ञान में आया। प्रारंभिक जांच में यह कृत्य सार्वजनिक रूप से आग्नेयास्त्र प्रदर्शन की श्रेणी में पाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए बरारी थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने मामले को ‘पब्लिक डिस्प्ले ऑफ आर्म्स’ से जुड़ा संभावित उल्लंघन मानते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इसमें संबंधित आग्नेयास्त्र की जब्ती, लाइसेंस की वैधता की जांच और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला शस्त्र दंडाधिकारी को औपचारिक प्रतिवेदन भेजा गया है।

पुल‍िस जांच कर रही है

पुलिस ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी परिस्थिति में सार्वजनिक रूप से हथियार का प्रदर्शन न करें। पुलिस ने यह भी कहा कि कानून और सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *