ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते युद्ध जैसे हालात का असर अब अंतरराष्ट्रीय बाजार के साथ-साथ देश के सर्राफा बाजार में भी साफ दिखाई दे रहा है। वैश्विक अस्थिरता और निवेशकों द्वारा सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) की ओर रुख करने के कारण सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तेजी दर्ज की जा रही है।
पिछले कुछ दिनों में स्थानीय सर्राफा बाजार में सोने के दामों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। 25 और 26 फरवरी को 24 कैरेट सोना 1,64,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर था, जो 28 फरवरी को बढ़कर 1,67,000 रुपये हो गया। 2 मार्च को यह कीमत उछलकर 1,72,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई।
इसी प्रकार 22 कैरेट सोना 1,51,100 रुपये से बढ़कर 1,58,200 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। 18 कैरेट सोने के दाम 1,26,300 रुपये से बढ़कर 1,32,200 रुपये हो गए, जबकि 14 कैरेट सोना 1,00,700 रुपये से बढ़कर 1,05,400 रुपये तक पहुंच गया।
चांदी के दामों में भी तेजी देखी गई है। 25 फरवरी को चांदी 278 रुपये प्रति ग्राम थी, जो 2 मार्च को बढ़कर 300 रुपये प्रति ग्राम हो गई। चांदी का सिक्का 3,300 रुपये से बढ़कर 3,600 रुपये तक पहुंच गया।
सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण निवेशक सोने को सुरक्षित विकल्प मान रहे हैं। यदि ईरान–अमेरिका के बीच तनाव और बढ़ता है तो आने वाले दिनों में कीमतों में और तेजी देखी जा सकती है।


