गांव मोहना में शनिवार देर रात चार नकाबपोश बदमाशों ने बंदूक के बल पर एक परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।
बदमाश करीब तीन लाख रुपये के गहने और नगदी लूटकर फरार हो गए। घटना के दौरान आरोपितों ने फायरिंग भी की, हालांकि परिवार बाल-बाल बच गया। वारदात प्रवीन नामक व्यक्ति के घर रात करीब दो बजे हुई।
उस समय प्रवीन और उनकी पत्नी प्रथम तल पर सो रहे थे, जबकि भूतल पर उनके पिता वीरपाल और मां कृष्णा सोए हुए थे। प्रवीन का भवन निर्माण सामग्री सप्लाई का काम है। चार बदमाश दरवाजे पर लगा शीशा निकालकर घर में घुस आए।
एक के हाथ में दी बंदूक, दो के हाथ में रॉड और पाइप
एक के हाथ में बंदूक, दो के हाथ में राॅड और एक के हाथ में पाइप था। घर में घुसते ही एक बदमाश ने वीरपाल और कृष्णा को बंदूक के बल पर बंधक बना लिया और चुप रहने की धमकी दी।
अन्य बदमाशों ने अलमारियां और बेड खंगालने शुरू कर दिए। बदमाश सोने की चेन, अंगूठी, चांदी के सिक्के और करीब आठ हजार रुपये नकद ले गए। इसके अलावा कृष्णा के कानों से कुंडल और गले से सोने की चेन भी उतरवा ली।
लूट से पहले बदमाश प्रथम तल पर गए और प्रवीन के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। नीचे आहट सुनकर प्रवीन की आंख खुली। दरवाजा न खुलने पर उसने एसी के ऊपर लगी प्लाई हटाकर हाथ बाहर निकालकर कुंडी खोली।
गमला फेंका तो बदमाश ने कर दी फायरिंग
बाहर निकलते ही उसने एक बदमाश को माता-पिता के कमरे के बाहर देखा। बदमाश ने उसे भी चुप रहने को कहा। इस पर प्रवीन ने पास रखा गमला उठाकर बदमाश पर फेंका। जवाब में बदमाश ने उसकी ओर फायरिंग कर दी, लेकिन वह बच गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। पकड़े जाने के डर से बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए बाहर खड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटी पर फरार हो गए। बताया गया है कि घर में घुसने से पहले बदमाशों ने सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए थे।
25 से 30 साल की उम्र के हैं बदमाश
घटना की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आशंका है कि बदमाश स्थानीय हो सकते हैं, क्योंकि उन्हें घर की पूरी जानकारी थी। वारदात से पहले रैकी किए जाने की भी आशंका जताई जा रही है।
बदमाशों की उम्र 25 से 30 साल थी, उनकी बोली स्थानीय लग रही थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुटी है।


