थाना कोतवाली देहात पुलिस ने 25 हजार के इनामी गो हत्यारे को गिरफ्तार किया है। चेकिंग के दौरान फरार होने की कोशिश कर रहे गो हत्यारे के पैर में गोली भी लगी है। उसके पास से तमंचा, कारतूस, खोखा, एक चोरी की मोटरसाइकिल व लूट के 500 रूपये भी बरामद किए है। घायल गो हत्यारे का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
क्षेत्राधिकारी द्वितीय मनोज कुमार ने बताया कि एसएसपी अभिनंदन के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण, हत्या, गोकशी, चोरी, लूट, डकैती, नकबजनी, छिनैती,अवैध नशे के कारोबार जैसे आदि आपराधिक घटनाओं की रोकथाम व इन घटनाओं में संलिप्त अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन गस्त व चैकिंग की जा रही है।
इसी के तहत सोमवार की देर रात थाना कोतवाली देहात पुलिस टीम द्वारा देवला सरकडी खुमार मोड पर संदिग्ध व्यक्ति, वाहन की चैकिंग की जा रही थी। तभी सरकडी खुमार की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति आता दिखायी दिया। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्ति को टार्च की रोशनी दिखाकर रुकने का इशारा किया गया।
पुलिस टीम को देखकर मोटरसाइकिल सवार पीछे मुडकर सरकडी खुमार की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध का पीछा किया गया। कुछ दूरी पर जाकर तेज गति से मोटरसाइकिल चला रहे संदिग्ध व्यक्ति की मोटरसाईकिल फिसल कर गिर गयी।
पुलिस टीम को अपने नजदीक आता देख संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायिरंग कर दी। पुलिस टीम द्वारा की गयी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगने से घायलवस्था में गिरफ्तार किया गया। आरोपित की पहचान शहजान निवासी मोहम्मदपुर गाढा थाना जनकपुरी जिला सहारनपुर के रूप में हुई।
घायल व गिरफ्तार बदमाश को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल थाना कोतवाली देहात पर पंजीकृत लूट के मुकदमे का वांछित है। जिसके विरुद्ध जनपद के कई थानों पर गौकशी, लूट, आर्म्स एक्ट आदि के लगभग एक दर्जन मुकदमे पंजीकृत है।


