गांव लोहारी में एक जंगली जानवर के घुसने से ग्रामीणों में रविवार को दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने खेतों और पेड़ों पर बड़े आकार के पंजों के निशान देखे, जिनके आधार पर तेंदुआ के गांव में आने की आशंका जताई जा रही है।
गांव के सरपंच पवन ने बताया कि सुबह कुछ किसानों ने अपने खेतों में बड़े जानवर के पंजों के ताजा निशान देखे। वहीं, कुछ पेड़ों के तनों पर भी खरोंच के निशान पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जंगली जानवर रात के समय खेतों में घुसा है।
सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी। टीम ने आसपास के क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है तथा स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पंजों के निशानों की जांच की जा रही है। पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह तेंदुआ है या अन्य जंगली जानवर आया है।


