दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू समेत कई हस्तियां दुबई हवाईअड्डे पर फंस गई हैं, क्योंकि पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के कारण उड़ान संचालन निलंबित कर दिया गया है। दुबई में फंसी अभिनेत्री सोनल चौहान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मदद की गुहार लगाई है।
हवाईअड्डे के बहुत करीब विस्फोट
पीवी सिंधू ने रविवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पास हुए विस्फोट के बाद अपने भयावह अनुभव साझा किए। सिंधू तीन मार्च से शुरू हो रहे ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के लिए जाते समय शनिवार को दुबई हवाईअड्डे पर फंस गईं। सिंधू ने बताया, दुबई में हमारी फ्लाइट के उतरते के कुछ ही देर बाद हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया।
पिछले कुछ घंटे बेहद तनावपूर्ण रहे हैं। दुबई हवाईअड्डे पर जहां हम छिपे थे उसके बहुत करीब विस्फोट हुआ। जब यह घटना हुई तब मेरे कोच घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर थे। इतनी नजदीक से इस तरह की घटना का अनुभव करना भयावह है। सिंधू ने कहा कि उन्हें और उनके सहायक कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।
उनके कोच इरवांस्याह आदि प्रतामा ने भी बताया कि वह बाल बाल बचे हैं। इस बीच, बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) ने कहा कि वह बैडमिंटन इंग्लैंड और राष्ट्रीय संघों के समन्वय से यात्रा संबंधी चुनौतियों पर बारीकी से नजर रख रहा है।
पीएम मोदी से लगाई मदद की गुहार
इससे पहले शनिवार को अभिनेत्री सोनल चौहान ने दुबई में फंस जाने के बाद इंटरनेट मीडिया पोस्ट के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अपील की थी।
उन्होंने लिखा था, माननीय पीएम नरेन्द्र मोदी जी, मैं दुबई में फंसी हूं। किसी भी सहायता के लिए आभारी रहूंगी। इस बीच अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने प्रशंसकों को आश्वस्त किया कि वह दुबई में सुरक्षित हैं। ईशा ने रविवार को इंस्टाग्राम पर नोट साझा किया, हम सुरक्षित हैं! समय डरावने हैं, बहुत कठिन। भगवान हमें सुरक्षित रखने के लिए हैं। आशा है जल्द घर लौटूंगी।


