ईरान संकट के चलते उड़ाने रद, विदेशी नागरिक भारत में फंसे; सरकार ने वीजा में दी राहत

भारत ने पश्चिम एशिया संकट में बढ़ते खतरे के मद्देनजर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रद होने के कारण देश में फंसे विदेशी नागरिकों से कहा है कि वे भारत में अपने वीजा विस्तार के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। विदेश मंत्रालय ने भारत में आए विदेशी नागरिकों के यात्रा कार्यक्रमों में आई बाधा के चलते सलाह जारी की है।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने रविवार को विदेशी नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि उन्हें वीजा विस्तार में सहायता की आवश्यकता है या वे अपनी स्थिति को नियमित करना चाहते हैं, तो वे अपने निकटतम विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) से संपर्क करें।

एफआरआरओ से संपर्क करें यात्री…..

इसमें कहा गया, “भारत में सभी विदेशी नागरिक, जिन्हें पश्चिम एशिया क्षेत्र में चल रहे घटनाक्रम के कारण अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ा है और जिन्हें अपने वीजा के विस्तार या अपनी स्थिति को नियमित करने में सहायता की आवश्यकता है, वे कृपया अपने निकटतम विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय से संपर्क करें।”

एमईए ने कहा कि संबंधित एफआरआरओ सहायता प्रदान करेगा। यह स्पष्ट नहीं कि उड़ानों के रद होने के कारण भारत में कितने विदेशी पर्यटक फंसे हुए हैं। पश्चिम एशिया हवाई क्षेत्र की पाबंदियों के कारण अब तक 444 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद की जा चुकी हैं।

श्रीलंका में सात दिन का वीजा विस्तार

श्रीलंका में फंसे विदेशी नागरिकों के लिए आव्रजन व प्रवासन विभाग ने विशेष छूट की घोषणा की है। यह विदेशी 28 फरवरी से पश्चिम एशिया की उड़ानों के रद होने के कारण फंसे हैं। यह विस्तार व्यक्ति के वर्तमान वीजा की समाप्ति की तारीख से सात दिन के लिए दिया गया है। यह उपाय उन्हें श्रीलंका में वैध रूप से रहने देगा, जबकि वे वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *