हमीरपुर में बाइक सवार को बचाने में पुलिस जीप पलटी, होमगार्ड की मौत व दारोगा घायल

3.0kViews
1694 Shares

 राठ से चिकसी लौटते समय चुरहा मोड़ के पास एक बाइक सवार युवक को बचाने में पुलिस जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे जीप पर सवार एक होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दारोगा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नाजुक हालत में उरई मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। घटना के समय जीप सवार पुलिस कर्मी एक युवक के शव का पोस्टमार्टम करा कर राठ से थाने लौट रहे थे।

चिकासी थाना में तैनात होमगार्ड 55 वर्षीय ब्रजेंद्र कुमार व दारोगा 35 वर्षीय मोहित देव रविवार सुबह एक घटना में मृत हुए युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए सरकारी पुलिस जीप से राठ गए थे। जहां से दोपहर करीब तीन बजे वह पोस्टमार्टम कराने के बाद थाने लौट रहे थे। उक्त मार्ग पर जरिया थाना क्षेत्र के गांव चुरहा मोड़ के पास अचानक पुलिस जीप के सामने एक बाइक सवार अचानक आ गया।

उसे बचाने के चक्कर में जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इससे जीप सवार होमगार्ड ब्रजेंद्र जीप के नीचे दब गया। गंभीर रूप से घायल होमगार्ड को जब नीचे से निकाला गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं दारोगा मोहित देव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची जरिया थाना पुलिस दोनों को सीएचसी गोहांड लेकर पहुंची। जहां से हालत नाजुक होने पर दारोगा को डाक्टर ने उरई मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है।

इस संबंध में सीओ सरीला शाहरुख खान ने बताया कि राठ से लौटते समय सामने से आ रही एक बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया था। इससे उनकी जीप का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे में होमगार्ड ब्रजेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दारोगा मोहित देव गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही जरिया थाना प्रभारी दिनेश पांडेय ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। जहां उनकी हालत गंभीर होने पर उरई रेफर किया गया है। वहीं मृतक होमगार्ड के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की गहनता के साथ जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *