पश्चिम एशिया में ईरान और इराक के बीच बढ़े तनाव का प्रभाव भारतीय हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। बुधवार को अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आने और जाने वाली करीब 12 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। अचानक उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार दुबई से अमृतसर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX192 निर्धारित समय पर नहीं पहुंची। इसी तरह कतर एयरवेज की दोहा से आने वाली QR548, स्पाइस जेट की दुबई से SG56, एयर इंडिया की लंदन से AI170 तथा बर्मिंघम से AI118 उड़ान भी रद्द रही। इसके अलावा शारजाह से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस IX138 और इंडिगो की 6E148 फ्लाइट भी संचालित नहीं हो सकीं।
सिर्फ आगमन ही नहीं, बल्कि अमृतसर से रवाना होने वाली कई उड़ानों पर भी असर पड़ा। इंडिगो की 6E1427 शारजाह के लिए, कतर एयरवेज की QR549 दोहा के लिए, एयर इंडिया एक्सप्रेस की IX137 शारजाह के लिए, स्पाइस जेट की SG55 दुबई के लिए तथा एयर इंडिया की AI117 बर्मिंघम के लिए उड़ान रद्द कर दी गई।
जानें क्यों रद्द हुईं फ्लाइट्स
खाड़ी देशों जैसे दुबई, दोहा (कतर) और शारजाह की उड़ानें सीधे पश्चिम एशिया के हवाई मार्ग से होकर गुजरती हैं। ईरान-इराक क्षेत्र में तनाव या सैन्य गतिविधियों के दौरान कई एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद या सीमित कर दिए गए हैं। ऐसे में विमान कंपनियां सुरक्षा कारणों से उड़ानें रद्द या डायवर्ट कर रही हैं।


