नशे में मां को दौड़ाकर दी जान से मारने की धमकी, दिल्ली पुलिस ने बटनदार चाकू संग बेटे को किया गिरफ्तार

प्रीत विहार थाना क्षेत्र में नशे की हालत में अपनी ही मां को जान से मारने की धमकी देते हुए दौड़ रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से अवैध बटनदार (बटन से खुलने वाला) चाकू भी बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार 27 फरवरी की रात इलाके में रात्रि गश्त और बैरिकेड चेकिंग के दौरान पुलिस टीम तैनात थी। इसी दौरान राधू प्लेस झुग्गी की रहने वाली 50 वर्षीय अंसुरा बेगम घबराई हुई हालत में बैरिकेड के पास पहुंचीं।

उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका बेटा नशे की हालत में उनके पीछे दौड़ रहा है, गाली-गलौज कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है।

नसरुद्दीन का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड

महिला की शिकायत के दौरान ही आरोपित भी वहां पहुंच गया और चिल्लाते हुए मां को नहीं छोड़ने की धमकी देने लगा। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पायजामे की जेब से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान नसरुद्दीन उर्फ गोलू (28) निवासी ई-ब्लॉक, झुग्गी राधू प्लेस के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपित नशे का आदी है और पूर्व में भी आठ आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसकी मां ने बताया कि वह अक्सर नशे में चाकू लेकर उन्हें धमकाता है।

पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *