फतेहाबाद में फुटबॉल खिलाड़ियों की गाड़ी पलटी, सात गंभीर रूप से घायल; टायर पंक्चर होने से हुआ हादसा

2.0kViews
1425 Shares

सिरसा के हरिपुरा में आयोजित टूर्नामेंट में भाग लेने जा रहे हिसार जिले के फुटबाल खिलाड़ियों की टाटा मैजिक शनिवार को हादसे का शिकार हो गई।

गांव खाबड़ा के पास चलती गाड़ी का अगला दायां टायर अचानक पंक्चर हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराया और फिर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे के समय गाड़ी में 19 खिलाड़ी सवार थे।

जानकारी के अनुसार, खिलाड़ी गांव चूली बागड़ियान के मैदान में नियमित अभ्यास करते हैं। सीनियर खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में तैयार टीम को सिरसा जिले के रानियां क्षेत्र के हरिपुरा में चल रहे टूर्नामेंट में हिस्सा लेना था। टीम भट्टू और चौपटा होते हुए सिरसा जाने के लिए रवाना हुई थी, लेकिन फतेहाबाद क्षेत्र में प्रवेश करते ही हादसा हो गया।

चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

वाहन पलटते ही खिलाड़ियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और एक-एक कर सभी को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को भट्टू सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सात खिलाड़ियों बिल्लू, विजय, मुकेश, दिनेश, हिमांशु, क्षतिज व सुनील को अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर किया गया, जबकि अन्य को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सभी खिलाड़ियों की उम्र 15 से 35 वर्ष के बीच बताई गई है।

टूर्नामेंट में शामिल नहीं हो सके खिलाड़ी

गांव चूली बागड़ियान से सरपंच प्रतिनिधि विनोद ने बताया कि सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। हादसे के चलते टीम टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *