दक्षिणी दिल्ली में ईस्ट ऑफ कैलाश की ओर से आने पर कैप्टन गौड़ मार्ग पर बनने वाला तिराहा न केवल ट्रैफिक पुलिस के लिए सिरदर्द था, बल्कि राजा धीर सेन मार्ग की कॉलोनियों के लिए परेशान बन गया था।
पीक समय यानी सुबह व शाम को कई बार वाहनों की कतार कैप्टन गौड़ मार्ग पर पीछे ओखला मंडी तक और दूसरी तरफ बढ़कर रिंग रोड तक पहुंच जाती थी। स्थानीय आरडब्ल्यूए के सुझाव पर ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेड लगाकर इस तिराहे को बंद कर दिया है।
आवागमन के लिए 100 मीटर आगे व पीछे यू-टर्न दिया गया है। इसके चलते कैप्टन गौड़ मार्ग से लेकर राजा धीर सेन मार्ग पर लगने वाला जाम काफी हद तक नियंत्रित हो गया है।
100 मीटर आगे से यू-टर्न लेकर जाना होगा
एक सप्ताह पहले बनी इस नई व्यवस्था के तहत अब राजा धीर सेन मार्ग से ओखला मंडी की तरफ जाने के लिए तिराहे से बायीं तरफ 100 मीटर आगे जाकर यू-टर्न लेना होगा। वहीं, रिंग रोड की तरफ से राजा धीर सेन मार्ग (इस्कान मंदिर की ओर) जाने वालों को कैप्टन गौड़ मार्ग पर तिराहे के 100 मीटर आगे से यू-टर्न लेकर जाना होगा।
श्रीनिवासपुरी पार्षद राजपाल सिंह ने कहा कि क्षेत्र को जाम से मुक्त रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की यह पहल सराहनीय है। इससे निश्चित रूप से स्थानीय निवासियों को काफी राहत मिल रही है।
उपराज्यपाल ने आरडब्ल्यूए से मांगा था सहयोग
पिछले माह मीडिया से बातचीत में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए आरडब्ल्यूए का सुझाव और सहयोग लेने की बात कही थी। सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क होने वाले वाहनों की समस्या को खत्म करने के लिए नई व्यवस्था बनाने और राजधानी में स्ट्रीट लाइट एवं ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर संचालन के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग पर जोर दिया था। उपराज्यपाल के निर्देश के क्रम में आरडब्ल्यूए के सुझाव पर ट्रैफिक विभाग ने यह पहल की है।


