पटना PMCH के हेड नर्स चांदनी की हत्या: होली विवाद, ऑनलाइन गेम और डायल 112 कॉल ने खोले कई सवाल

2.1kViews
1850 Shares

दानापुर थाना क्षेत्र के पूर्वी गोला रोड में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज हत्या ने सबको स्तब्ध कर दिया। पीएमसीएच में कार्यरत हेड नर्स चांदनी कुमारी की उनके ही पति ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी की पहचान सोनू कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से छपरा का रहने वाला है। घटना के बाद उसने खुद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे घर से ही हिरासत में ले लिया। हत्या के पीछे घरेलू विवाद, आर्थिक तनाव और होली को लेकर तकरार की बात सामने आ रही है।

होली पर ससुराल जाने की बात बनी झगड़े की वजह

आरोपी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम उसने पत्नी से होली पर छपरा चलने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया। सोनू ने चांदनी को जोरदार थप्पड़ मारा, जिससे उसके कान से खून निकलने लगा। इसके बाद गला दबाने और सीने पर वार करने की बात भी सामने आई है। कुछ ही देर में चांदनी की मौत हो गई।

ऑनलाइन गेम में हार और पैसों को लेकर तनाव

मृतका की बहन ब्यूटी कुमारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सोनू ऑनलाइन गेम में करीब चार लाख रुपये हार चुका था। ये पैसे चांदनी ने ही उसे दिए थे।

चांदनी ने हाल ही में एक जमीन भी खरीदी थी। शुक्रवार दोपहर उसने वह जमीन सोनू को दिखाई थी। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष अक्सर पैसों के लिए दबाव बनाता था।

रात दो बजे खुद दी हत्या की सूचना, जांच जारी

मृतका के बहनोई कृष्णा सिंह ने बताया कि रात करीब दो बजे सोनू का फोन आया। उसने खुद कहा कि चांदनी की हत्या हो गई है। जब परिजन पहुंचे तो घर में पुलिस मौजूद थी।

कमरे के अंदर चांदनी का शव खून से लथपथ पड़ा था। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने कहा कि लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *