होली के पर्व और रमजान के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शहर से लेकर गांव तक हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। साइबर टीम भी इंटरनेट मीडिया पर नजर बनाए हुए हैं। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबर फैलाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
थाना स्तर पर विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। जिले के सभी थानों में पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। ड्रोन से छतों, गलियों और प्रमुख स्थलों की निगरानी कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गश्त बढ़ा दिया गया है। कई स्थानों पर फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है। ताकि, आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके। अवैध शराब, हुड़दंग और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इंटरनेट मीडिया पर भी साइबर टीम की ओर से पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबर फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि होने पर पुलिस को तुरंत सूचना दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक हैं। इन्हें शांति और सहयोग के साथ मनाने में आमजन की सहभागिता आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जनपद में व्यापक स्तर पर सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि दोनों पर्व सकुशल संपन्न हो सकें।


