सिंगरौली। जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश एवं जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में खनिज विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम चकुआर में अवैध रूप से भंडारित रेत को जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रेत के अवैध भंडारण संबंधी शिकायत मिलने पर खनि निरीक्षक अशोक मिश्रा तथा पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मंगलवार 3 जून 2026 को ग्राम चकुआर, तहसील देवसर स्थित नदी पुल एवं श्मशान घाट के समीप जांच अभियान चलाया। मौके पर बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण पाया गया। जांच के दौरान लगभग 160 घन मीटर रेत लावारिस स्थिति में भंडारित मिली, जिसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज अथवा स्वामित्व प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के निर्देशानुसार मौके पर मौजूद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित रेत को जब्त कर लिया। रेत नियमों के प्रावधानों के तहत जब्त सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए संबंधित रेत ठेकेदार की सुपुर्दगी में सौंपा गया है। साथ ही पूरे प्रकरण का पंचनामा तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार निगरानी रखी जा रही है। शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रकरण में खनिज नियमों के तहत अग्रिम नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है तथा दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध जुर्माना एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
जिले में खनिज विभाग द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाइयों से अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन अथवा खनिज विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


