सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला को उसकी छोटी बच्ची को बेबी प्रोडक्ट के विज्ञापन में मॉडल बनाने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी की गई है। इस मामले में शहर के डीएम रोड स्थित बाबूटोला निवासी अनु प्रिया घोष ने साइबर थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है।
महिला ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पूर्व उसके फेसबुक अकाउंट पर एक मैसेज आया था। मैसेज भेजने वाले ने खुद को मॉडलिंग एजेंसी से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए उसकी छोटी बेटी को बेबी प्रोडक्ट के विज्ञापन में मॉडल बनाने का प्रस्ताव दिया था।
तीन लाख 39 हजार रुपये की वसूली
शुरुआत में बातचीत काफी भरोसेमंद लगी और ठगों ने बड़े-बड़े ब्रांड और बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर महिला को अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस और बच्ची के फोटोशूट के नाम पर कुल तीन लाख 39 हजार रुपये की वसूली की।
इस दौरान ठगों ने महिला को एक लिंक भेजकर टेलीग्राम से भी जोड़कर शेयर मार्केट में निवेश कर रकम बढ़ाने की बात कही जाने लगी। महिला को भरोसा दिलाया गया कि निवेश से जल्द ही उसे अधिक मुनाफा मिलेगा।
दोनों में कोई बात सच नहीं होने पर महिला ने जब अपने दिए गए रुपये वापस मांगने शुरू किए, तो ठगों ने टालमटोल शुरू कर दी। उल्टे उससे और पैसे देने की बात कहीं। इसके बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ।
सोशल मीडिया अकाउंट से आए मॉडलिंग, निवेश व नौकरी जैसे प्रस्तावों पर भरोसा न करें
महिला के साथ हुई साइबर ठगी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आमलोगों से अपील है कि इंटरनेट मीडिया के जरिए इस तरह की ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसलिए लोगों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है।


