दिल्ली पुलिस में पूर्व अग्निवीरों को 20% आरक्षण, फिजिकल से राहत और आयु सीमा में छूट; पहले बैच को विशेष रियायत

2.0kViews
1866 Shares

दिल्ली पुलिस में भर्ती की प्रक्रिया से जुड़ा एक बड़ा फैसला लिया गया है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली पुलिस (नियुक्ति एवं भर्ती) नियम, 1980 के नियम-9 में संशोधन को मंजूरी दे दी है।

इस संशोधन के तहत अब पूर्व अग्निवीरों (Ex-Agniveers) को दिल्ली पुलिस में पुरुष कांस्टेबल (एग्जीक्यूटिव) पदों पर भर्ती में विशेष प्रावधान दिए जाएंगे।

20 % पद पूर्व अग्निवीरों के लिए रिजर्व

संशोधित नियमों के अनुसार दिल्ली पुलिस में पुरुष कांस्टेबल (एग्जीक्यूटिव) के कुल पदों में 20 प्रतिशत आरक्षण पूर्व अग्निवीरों के लिए निर्धारित किया गया है। इस फैसले से सेना में चार वर्ष की सेवा पूरी कर चुके युवाओं के लिए पुलिस सेवा में आने का रास्ता आसान होगा।

आयु सीमा में छूट और फिजिकल टेस्ट से राहत

नई व्यवस्था के तहत पूर्व अग्निवीरों को भर्ती में कई महत्वपूर्ण रियायतें दी गई हैं। उन्हें निर्धारित अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट मिलेगी। इसके अलावा उन्हें फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (Physical Efficiency Test) से भी छूट प्रदान की जाएगी।

अग्निवीर योजना के पहले बैच के उम्मीदवारों को विशेष राहत देते हुए अधिकतम आयु सीमा (25 वर्ष) से पांच वर्ष तक की अतिरिक्त छूट दी जाएगी।

दिल्ली पुलिस में बड़ी संख्या में पद हैं खाली

वर्तमान में दिल्ली पुलिस में पुरुष कांस्टेबल (एग्जीक्यूटिव) के 42,451 स्वीकृत पद हैं। इन पदों पर अब तक सीधी भर्ती प्रक्रिया के जरिए नियुक्ति की जाती रही है, जिसमें आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित है। नियमों में संशोधन के बाद बड़ी संख्या में पूर्व अग्निवीर इन पदों के लिए पात्र हो जाएंगे।

अग्निवीरों के लिए करियर ट्रांजिशन होगा आसान

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2022 में भारतीय युवाओं की सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए अग्निवीर योजना शुरू की थी। नई भर्ती व्यवस्था का उद्देश्य सेना में चार वर्ष सेवा दे चुके युवाओं को कानून-व्यवस्था से जुड़े क्षेत्रों में रोजगार के बेहतर अवसर देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *