रामगंगा विहार में संचालित रजिस्ट्री कार्यालय अब गांव सोनकपुर यानी तहसील के पास बनेगा। रजिस्ट्री कार्यालय के निर्माण की शासन से अनुमति मिल गई है। जल्द ही धनराशि स्वीकृत होने की उम्मीद है। उसके बाद कार्यालय का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
डीएम अनुज सिंह यह जानकारी अधिवक्ताओं के पत्र का जवाब देते हुए दी है। बार अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि 19 फरवरी को इस संबंध में मंडलायुक्त को एक पत्र सौंपा गया था, जिसमें मांग की गई थी कि रामगंगा विहार में संचालित रजिस्ट्री कार्यालय कचहरी परिसर में स्थानांतरित किया जाए।
इस पत्र के बाद डीएम ने जानकारी दी है कि उप निबंधक सदर प्रथम और द्वितीय कार्यालय के निर्माण लिए सदर तहसील के पास गांव सोनकपुर में भूमि आवंटित कर दी गई है। कार्यालय निर्माण के लिए शासन द्वारा वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है।
कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण करने के लिए कार्रवाई अंतिम चरण में है। शीघ्र ही कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। निर्माण कार्य होने के बाद कार्यालय को वहां से संचालित किया जाएगा।


