चार घंटे की सूचना, छह की कटौती! गाजियाबाद में बिजली विभाग की ‘हेराफेरी’ से उपभोक्ता परेशान
विद्युत निगम के अधिकारी बिजली कटौती के नाम पर उपभोक्ताओं को गलत जानकारी देते हैं। उपभोक्ताओं को कम घंटे आपूर्ति प्रभावित रहने की जानकारी देकर अधिक घंटे बिजली कटौती करते हैं। इससे लोगों को मेंटेनेंस के नाम पर रोजाना परेशानी से जूझना पड़ रहा है।
वैशाली सेक्टर-दो स्थित विद्युत उपकेंद्र के फीडर दो व पांच से जुड़े क्षेत्र में बिजनेस प्लान 2024-25 के अंतर्गत एबी केबल बदलने का कार्य किया गया। इससे सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक चार घंटे आपूर्ति प्रभावित होने की सूचना दी गई थी, लेकिन यहां करीब छह घंटे तक लोगों को बिजली कटौती से जूझना पड़ा।
बिजली का इंतजार करते रहे लोग
लोगों को बताया गया था कि मेंटेनेंस के चलते केवल चार घंटे तक आपूर्ति प्रभावित रहेगी। लेकिन 11 बजे बिजली कटने के बाद शाम पांच बजे तक सामान्य नहीं हुई। स्थानी निवासी अनुज वर्मा व सतेंद्र सिंह ने बताया कि कम घंटे जानकारी देकर अधिक कटौती करते हैं, जिससे लोगों की परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है। लोग बिजली का इंतजार करते रहते हैं।
अगर विद्युत निगम के अधिकारी सच बोल देंगे तो इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जरूरी कार्य भी नहीं कर सके। यहां के करीब 10 हजार लोगों को समस्या से जूझना पड़ा।
तीन घंटे की जानकारी देकर साढ़े चार घंटे की कटौती
शालीमार गार्डन में 11केवी लाइन के आसपास पेड़ की छंटाई का कार्य किया गया। उपभोक्ताओं को बताया गया था कि दोपहर 11 से दो बजे तक आपूर्ति प्रभावित रहेगी। जबकि आपूर्ति सामान्य होन में करीब साढ़े चार घंटे लग गए।


