मोटरसाइकिल सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यक्ति से करीब चार लाख 74 हजार रुपये लूट लिये। पीड़ित व्यक्ति विभिन्न वित्तीय कंपनियों का कैश बैंक में जमा करवाने का काम करता था।
आरोपित वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पीड़ित ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव साबापुर निवासी खुशी राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से बराड़ा स्थित मुथूट माइक्रोफिन फाइनेंस, उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक और चेतन्या फाइनेंस साहा का रोजाना कैश शाम के समय भारतीय स्टेट बैंक की सीडीएम मशीन में जमा करवाने का काम करता है।
13 मार्च की शाम को उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक में कार्यरत कर्मचारी रजत बैंक का कैश उसे देकर गया था। जब खुशी राम ने मुथूट माइक्रोफिन फाइनेंस और उज्जीवन बैंक का कैश मिलाकर देखा तो कुल रकम 4,74,050 निकली। वह कैश जमा करवाने के लिए बराड़ा स्थित एसबीआई की सीडीएम मशीन पर गया, लेकिन मशीन बंद हो चुकी थी। वह पूरा कैश अपने बैग में रखकर मोटरसाइकिल पर अपने गांव साबापुर की ओर जा रहा था।
जब वह दोसड़का के पास रेस्ट हाउस के नजदीक होली गांव की ओर जाने वाली सड़क पर पहुंचा तो दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। सभी युवकों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। बदमाशों ने धक्का-मुक्की की और धमकी दी कि बैग नहीं दिया तो उसे जान से मार देंगे। बदमाश उसके पास से रुपये से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।


