मार्च में बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा युद्ध होने वाला है। दो बड़ी फिल्में टकराएंगी जिनमें रणवीर सिंह (Ranveer Singh) की धुरंधर 2 (Dhurandhar 2) और कन्नड़ स्टार सुपरस्टार यश (Yash) की टॉक्सिक (Toxic) शामिल है। अब फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने इस मामले पर बात की है। उन्होंने इसे टफ कॉम्पटीशन बताया।
संजय गुप्ता को जिंदा, कांटे, शूट आउट एट वडाल जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।
लोगों को फिल्म से है बहुत उम्मीदें
संजय ने वैरायटी इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में धुरंधर को एक बेहतरीन फिल्म बताया और कहा कि इसके दूसरे पार्ट से लोगों को कुछ ज्यादा ही उम्मीदें हैं। संजय ने कहा कि दोनों मूवीज का क्लैश होना है और इस वजह से कोई भी अपनी पूरी क्षमता तक नहीं पहुंच पाएगी।
उन्होंने कहा,“मैं दोनों फिल्में देखूंगा, दुर्भाग्य से दोनों एक साथ रिलीज हो रही हैं क्योंकि इनका बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। लेकिन ये एक-दूसरे के कारोबार को नुकसान पहुंचाएंगी।”
अलग-अलग टाइम पर मिलता है फायदा?
उन्होंने 2017 में अपनी फिल्म काबिल और शाह रुख खान की फिल्म रईस के बीच हुए क्लैश को याद किया। उन्होंने कहा जब मेरी फिल्म काबिल रिलीज हुई थी तब इसका क्लैश शाह रुख की रईस से हुआ था। दोनों ही फिल्मों ने अच्छा बिजनेस किया होता अगर ये अलग-अलग टाइम पर रिलीज हुई होतीं।


