बांका में भाई की शादी में मिले उपहार देख जागा लालच, पत्नी से मांगे एक लाख; नहीं देने पर दी बेरहमी से पीटा

2.5kViews
1360 Shares

क्षेत्र के मिर्जापुर पंचायत अंतर्गत जोगनी गांव में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता को कमरे में बंद कर जमकर पिटाई करने का मामला सामने आया है। पीड़िता चांदनी कुमारी ने पति मुज्जसम, देवर अंजुमन सहित अन्य ससुरालवालों पर मारपीट का आरोप लगाया है।

बताया जाता है कि चांदनी की शादी सात वर्ष पूर्व हुई थी। उसे तीन संतानें हैं, जिनमें एक पुत्री और दो पुत्र शामिल हैं। पीड़िता के अनुसार एक सप्ताह पूर्व उसके शौहर के चचेरे भाई की शादी हुई थी, जिसमें लड़की पक्ष द्वारा फर्नीचर, गाड़ी सहित अन्य सामान दिए गए थे। इसके बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग ताना देने लगे और मायके से एक लाख रुपये लाने का दबाव बनाने लगे।

पति ने उसके साथ मारपीट की

गुरुवार को सब्जी बनाने को लेकर हुए विवाद में पति ने उसके साथ मारपीट की और एक लाख रुपये लाने की मांग दोहराई। किसी तरह उसने मायके वालों को सूचना दी। शुक्रवार सुबह फिर गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा उसे कमरे में बंद कर दिया गया। करीब तीन घंटे बाद मायके से पहुंचे स्वजनों ने पुलिस को सूचना दी।

डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को कमरे से बाहर निकाला। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक डॉ. प्रणव कुमार ने स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया।

थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि मामला घरेलू विवाद से जुड़ा है। आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *