रोसड़ा-शिवाजीनगर पथ पर आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, भोज खाने निकला था

2.5kViews
1355 Shares

 रोसड़ा थाना क्षेत्र के सोनुपुर गांव अंतर्गत रोसड़ा–शिवाजीनगर पथ से करीब 500 मीटर दूर स्थित बंठी गाछी में शनिवार सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खैरा लालपुर गांव के वार्ड संख्या एक निवासी जगदीश दास के पुत्र गंगाराम दास के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गंगाराम दास का शव उसके अपने मफलर के सहारे पेड़ से लटका हुआ था। घटनास्थल पर मृतक के जूते भी पड़े मिले हैं। शुक्रवार को वह गांव में भोज खाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने बंठी गाछी में शव देखे जाने की सूचना दी।

स्वजनों ने बताया कि गंगाराम दास पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था, जिसके कारण वह कोई नियमित काम-धंधा नहीं कर पा रहा था। उसकी पत्नी दो छोटे बच्चों के पालन-पोषण के लिए दिल्ली में मजदूरी करती है।

मृतक के दो पुत्र हैं, जिनमें एक की उम्र लगभग पांच वर्ष और दूसरे की उम्र करीब दो वर्ष बताई गई है। एक माह पूर्व ही गंगाराम अपनी पत्नी के पास से गांव लौटा था और समस्तीपुर के एक निजी चिकित्सक से उसका इलाज भी चल रहा था।

सूचना मिलते ही रोसड़ा थाना की पीएसआई मनीषा कुमारी और एएसआई जितेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *