तंदूरी रोटी ने तुड़वा दी शादी! मेहंदी लगे हाथों से इंतजार करती रही दुल्हन, लगन में लड़ाई के बाद बरात नहीं लाया दूल्हा

2.3kViews
1894 Shares

बरात से तीन दिन पहले सिक्का लगन कार्यक्रम में दूल्हा पक्ष के घर आए लड़की पक्ष के लोगों का तंदूरी रोटी को लेकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने रिश्ता तोड़ दिया। इसके बाद लड़की पक्ष ने ससुराल वालों पर शादी से पहले पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।

मैनपुरी में गांव रहमुतुल्लापुर, घिरोर जानी थी बारात

मैनपुरी में गांव रहमतुल्लापुर, घिरौर निवासी भारत सिंह ने तहरीर दी है कि उन्होंने अपनी बेटी शिवानी की शादी आशीष कुमार निवासी रानीनगर भट्टा वाली गली थाना उत्तर के साथ तय की थी। आशीष ठेकेदारी करता है। मंगलवार को बरात जानी थी। लड़का पक्का व गोदभराई की रस्म 14 नवंबर को हुई थी, जिसमें चार लाख रुपये खर्च किए थे। इतना ही नहीं मकर संक्रांति के दिन 30 हजार और बोलेरो गाड़ी खरीदते समय खेत बेच कर चार लाख रुपये नकद दिए थे। इसके अलावा सिक्का लगुन पक्का में भी लाखों रुपये खर्च किए थे।

थाना उत्तर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी

बरात से दो दिन पहले आशीष, उसके पिता धर्मपाल सिंह, भाई अमित, बहनोई अजीत, अभिषेक और योगेश ने शादी करने से मना कर दिया। अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये न देने पर बरात न ले जाने की धमकी दी। इतना ही नहीं 14 फरवरी को सिक्का लगन कार्यक्रम में आए तो दावत खाने के दौरान मारपीट और गाली की। मारपीट में चचेरे भाई पर हमला कर हाथ तोड़ दिया। तहरीर पर थाना उत्तर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पुलिस ने दी ये जानकारी

इंस्पेक्टर अंजीश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सिक्का लगन कार्यक्रम के दौरान तंदूरी रोटी को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें लड़की के भाई का कॉलर पकड़कर पीटा गया था। इसी को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद रिश्ता टूट गया। तहरीर पर प्राथमिकी दर्जकर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *