बलरामपुर अस्पताल के डॉक्टर और साथी पर 35 लाख रुपये ठगी का आरोप, लखनऊ में मुकदमा दर्ज

2.3kViews
1156 Shares

 बलरामपुर अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डाक्टर देवेंद्र सिंह और उनके साथी अमन श्रीवास्तव के खिलाफ नई दिल्ली निवासी डा. भरत भूषण कालरा ने गोमती नगर थाने में 35 लाख रुपये ठगी का मामला दर्ज कराया है। डीसीपी पूर्वी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की है।

तहरीर में डा. भरत ने बताया कि वह दिल्ली के एक अस्पताल में तैनात हैं। उनका आरोप है कि 2023 में दोस्त डाक्टर मनोज के माध्यम से उनकी मुलाकात बलरामपुर अस्पताल में तैनात डा. देवेंद्र से हुई थी।

इस बीच डा. देवेंद्र ने अपने पिता की किडनी ट्रांसप्लांट के नाम पर 35 लाख रुपये की मांग की। साथ ही खुद के सरकारी कर्मचारी होने का हवाला देते हुए अपने खाते में रकम लेने से भी मना किया।

उन्होंने रकम इंदिरा नगर निवासी अमन के खाते में भेजने को कहा। बातों में आकर डा. भरत ने 35 लाख रुपये अमन के खाते में भेज दिए। वादे के मुताबिक डा. देवेंद्र को तीन महीने में रकम लौटानी थी। समय बीतने पर उन्होंने रकम नहीं लौटाई।

दबाव बनाने पर डा. देवेंद्र ने डा. भरत को अपने घर बुलाया लेकिन रकम नहीं दी। काफी कहने पर डा. देवेंद्र उसे अमन के घर ले गए और 10 लाख रुपये का एक चेक दिया।

उन्होंने आरोपित के कहने के अनुसार 10 दिन बाद बैंक में चेक लगाया तो वह बाउंस हो गया। पता चला कि जिस खाते की चेक है वह दो वर्ष पहले बंद हो चुका है।

रकम न मिलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी। गोमती नगर इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लेनदेन का विवरण जुटाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *