भोरसार भेलवा पंचायत के कागीसार गांव में शुक्रवार को बीडीओ देवाशीष कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास लाभार्थियों के निर्माण कार्य की स्थलीय जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि आवास सर्वेक्षण में कुछ लाभुकों का आधार मिसमैच होने के कारण उनका नाम सूची में नहीं जुड़ पाया है। बीडीओ ने कहा कि इस संबंध में वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने लाभार्थियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आवंटित राशि की निकासी के बावजूद आवास निर्माण अधूरा रखना गंभीर मामला है। ऐसे लाभुकों को पहले चेतावनी दी जाएगी और सुधार नहीं होने पर राशि की रिकवरी की जाएगी। साथ ही भवन निर्माण पूरा नहीं करने पर विधि सम्मत कार्रवाई की भी बात कही।
बीडीओ ने बताया कि निर्माण कार्य शुरू नहीं करने पर दूसरी किस्त जारी नहीं होगी। मौके पर आवास पर्यवेक्षक तुलसी रंजन सहित अन्य मौजूद थे।
स्वच्छता कार्यों की समीक्षा, यूजर चार्ज व कचरा उठाव पर बल
प्रखंड कार्यालय के मिनी सभागार में बीडीओ देवाशीष कुमार की अध्यक्षता में स्वच्छता अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न पंचायतों में चल रहे साफ-सफाई कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान 30 रुपये यूजर चार्ज की नियमित वसूली, घर-घर कचरा संग्रहण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा लंबित शौचालय निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।
बीडीओ ने निर्देश दिया कि सभी पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ की जाए और प्रत्येक वार्ड में नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप देने के लिए आम लोगों की भागीदारी जरूरी है।
बैठक में प्रखंड समन्वयक सावन भारती, पंचायत सचिव सरोज कुमार, गोपाल महतो, रवि कुमार, रंजन कुमार, अंभु कुमार, राजेश कुमार, कार्यपालक सहायक राहुल सिंह, स्वच्छता पर्यवेक्षक रजनीकांत साह, संतोष गुप्ता, टिंकू कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।


