आधारभूत संरचना की कमी से जूझ रहे विद्यालयों में अब पढ़ाई बाधित नहीं होगी, बल्कि नई व्यवस्था के तहत इन स्कूलों में दो पाली में कक्षाएं संचालित की जाएंगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर अगले शैक्षणिक सत्र से यह व्यवस्था लागू होगी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक, बिहार, पटना के निर्देश के आलोक में यह निर्णय लिया गया है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों द्वारा किए गए सर्वेक्षण और जांच के आधार पर जिले के 10 विद्यालयों का चयन किया गया है, जहां अब दो शिफ्ट में पढ़ाई होगी।
इन स्कूलों में होगी दो शिफ्ट में पढ़ाई
इन विद्यालयों में उ.मा.वि. भासर मछहाँ (डुमरा), मधुबन बसहा पूर्वी (बाजपट्टी), डोरपुर (नानपुर), रामपुर परोरी (डुमरा), धनकौल बुजुर्ग, मधुरापुर, बाजपट्टी व बाजितपुर (बाजपट्टी), झझिहट (पुपरी) तथा मनियारी (सुप्पी) शामिल हैं।
ये रहेगी टाइमिंग
निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई सुबह 6:30 बजे से 11:30 बजे तक होगी, जबकि कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं दोपहर 12:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक संचालित की जाएंगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा, सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, यह हमारी प्राथमिकता है।
सभी छात्रों को मिलेगा शैक्षणिक वातावरण
दो पाली में संचालन से सभी छात्रों को पर्याप्त समय और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। सभी विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि इस व्यवस्था को गंभीरता से लागू करें, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके।


