दहेज नहीं लाई पत्नी, पति ने कहा– अब यहां से चली जाओ, मुझे कोई और पसंद आ गई है

1543 Shares

 दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना और पति द्वारा दूसरी शादी कर लेने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भागलपुर के नवगछ‍िया इलाके के बिहपुर थाना क्षेत्र के हरियो गांव निवासी अर्चना कुमारी ने महिला थाना नवगछिया में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़िता ने आवेदन में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2021 में श्रीपुर (थाना नवगछिया) निवासी सुमित कुमार, पिता नरेश सिंह, के साथ हुई थी। विवाह के समय उसके मायके पक्ष की ओर से लगभग ढाई लाख रुपये नकद, जेवरात और फर्नीचर दान स्वरूप दिए गए थे। इसके अलावा शादी समारोह में करीब पांच लाख रुपये खर्च हुए थे, जिसके लिए उसके पिता को कर्ज लेना पड़ा था।

आरोप है कि शादी के बाद से ही पति सुमित कुमार, सास गीता देवी, ससुर नरेश सिंह और भैसुर अमित कुमार अतिरिक्त पांच लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता के अनुसार, उससे बार-बार मायके से रुपये लाने का दबाव बनाया जाता था और मना करने पर गाली-गलौज व मारपीट की जाती थी। कई बार उसे कमरे में बंद कर उत्पीड़न भी किया गया।

अर्चना कुमारी ने यह भी आरोप लगाया है कि 13 फरवरी 2026 को उसके पति ने दूसरी शादी कर ली और दूसरी महिला को घर ले आया। इसके बाद उसे और उसके पुत्र को घर से निकालने की साजिश रची जा रही है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि नरेश सिंह के भाई देवेंद्र सिंह ने घर आकर पिस्तौल दिखाते हुए जान से मारने और घर छोड़ने की धमकी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *