तीन दिन में 5.6 डिग्री गिरा रात का तापमान, IMD का अगले 5-6 दिनों के मौसम के बारे में क्या है पूर्वानुमान?

 Prayagraj Weather Update तपती दोपहरी और गर्म हवाओं से 15 दिनों तक झुलसे प्रयागराज के लिए पिछले तीन दिन राहत भरे रहे। अचानक मौसम के करवट बदलने से माहौल ही बदल गया है। 27 अप्रैल तक जहां कुछ दिन पहले तक सड़कों पर सन्नाटा और लोगों के चेहरों पर गर्मी की थकान साफ दिखती थी। वहीं पिछले तीन दिनों में तेज हवाओं और बारिश ने राहत का अहसास घोल दिया है।

न्यूनतम तापमान में लगातार कमी

Prayagraj Weather Update  29 और 30 अप्रैल को आसमान में छाए बादल, बीच-बीच में हुई बारिश और चली ठंडी हवाओं ने शहर के मौसम को पूरी तरह बदल दिया। इसके कारण तीन दिनों के भीतर रात का तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। 28 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री था, वहीं 29 अप्रैल को 27.8, 30 अप्रैल को 23.2 और एक मई को 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सूर्य किरणों में तपिश नहीं

Prayagraj Weather Update शुक्रवार सुबह जब सूरज निकला तो उसकी किरणों में तपिश नहीं बल्कि हल्की नरमाहट थी। छतों पर टहलते लोग, गलियों में खेलते बच्चे और चाय की दुकानों पर जमा भीड़ हर कोई इस बदले मौसम का आनंद लेते नजर आया। हवा में घुली ठंडक ने वातावरण को और भी सुकूनभरा बना दिया।

मौसम बदलने का क्या है कारण?

Prayagraj Weather Update मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी की  गतिविधियों के कारण यह परिवर्तन देखने को मिला है। इसका असर अभी कुछ और दिनों तक बना रहेगा। अनुमान है कि चार मई तक तेज आंधी और बारिश के दौर जारी रह सकते हैं, जिससे पांच से छह दिन तक गर्मी से राहत बनी रहेगी। बदले मौसम ने राहत देते हुए लंबे समय से तपिश झेल रहे जनजीवन में नई ताजगी भर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *