शिवखोड़ी रनसू में आयोजित तीन दिवसीय महाशिवरात्रि मेला आध्यात्मिक उल्लास और भक्ति भावना के साथ सोमवार को संपन्न हुआ। इस अवसर पर रियासी जिला सहित पड़ोसी क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचे। पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक रंगत और सामाजिक सहभागिता का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से शाम तक पवित्र गुफा मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
भक्तों ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। विशेष धार्मिक अनुष्ठान, आरती और भजन-कीर्तन निरंतर चलते रहे, जिससे पूरा वातावरण शिवमय बना रहा। तीन दिवसीय उत्सव के दौरान पवित्र गुफा धाम में अभूतपूर्व भीड़ उमड़ी। प्रशासन के अनुसार करीब 1.20 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई।
दूर-दराज क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने कठिन यात्रा कर गुफा धाम में माथा टेका, जिससे यह पर्व एक विशाल आध्यात्मिक समागम में परिवर्तित हो गया। समापन दिवस पर रनसू में आयोजित पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। जिले और आसपास के क्षेत्रों से आए पहलवानों ने अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन किया। दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन के बीच मुकाबले संपन्न हुए, जिसने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया।
मेले के दौरान विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठनों द्वारा जगह-जगह लंगर लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं को निश्शुल्क भोजन और जलपान उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्थानीय हस्तशिल्प स्टालों और लोक कला प्रस्तुतियों ने क्षेत्रीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।
मेले के दौरान सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध रहे
मेले के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन रियासी द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात प्रबंधन के व्यापक प्रबंध किए गए थे। पुलिस कर्मियों, चिकित्सा दलों, सफाई कर्मचारियों और स्वयंसेवकों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया था, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


