गाजियाबाद के दो लोगों से 34 लाख की ठगी, शातिरों ने शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर बनाया शिकार
साइबर अपराधियों ने शहर के दो लोगों को शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 34.66 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों से विभिन्न बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर कराकर ठगी हुई है। इंदिरापुरम निवासी सुरेंद्र राना से निवेश के नाम पर 17.50 लाख रुपये ठगे गए हैं जबकि क्रॉसिंग रिपब्लिक निवासी बाबू खान से निवेश के नाम पर 17.16 लाख रुपये की ठगी हुई है। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शेयर में मुनाफे का झांसा देकर 17.50 लाख रुपये ठगे
साइबर अपराधियों ने इंदिरापुरम निवासी सुरेंद्र राना को शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 17.50 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उन्हें दिसंबर में एक वॉट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था।
ग्रुप में निवेश से जुड़ी सलाह दी जा रही थीं। उन्हें भी ग्रुप के जरिए निवेश के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके बाद पांच बार में विभिन्न खातों में रुपये ट्रांसफर कराए गए। पीड़ित ने जब रुपये निकालने का प्रयास किया तो उनसे अतिरिक्त धनराशि की मांग की गई।
17.16 लाख के निवेश पर 42 लाख रुपये दिखाया मुनाफा
क्रॉसिंग रिपब्लिक निवासी बाबू खान ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उनके पास बीते वर्ष 11 सितंबर को भावना शर्मा नामक युवती ने वॉट्सएप पर मैसेज कर शेयर बाजार में निवेश पर अच्छे मुनाफे का झांसा दिया। सेंचुरी मार्केट एप पर उनका डीमैट खाता खुलवाकर विभिन्न बैंक खातों में धनराशि ट्रांसफर कराई गई।
उन्होंने 30 सितंबर से एक जनवरी तक 10 बैंक खातों में कुल 17.16 लाख रुपये ट्रांसफर किए। उनके डीमैट खाते में जब कुल निवेश और मुनाफा 42 लाख रुपये दिखा तब उन्होंने रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन ठगों ने उनसे 30 प्रतिशत कैपिटल गेन टैक्स की धनराशि 12.50 लाख रुपये जमा करने पर रुपये निकालने की बात बताई।
पीड़ित ने जब रुपये देने में असमर्थता जताई तो उनका खाता ब्लाक कर दिया गया। पीड़ित ने परेशान होकर साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है।


