सावधान! रात में मोबाइल-लैपटॉप चार्जिंग पर छोड़ने वाले जरूर पढ़ें ये खबर, मुजफ्फरनगर में हुआ बड़ा हादसा

2.6kViews
1776 Shares

मोबाइल और लैपटॉप चार्जर में हुए शॉर्ट सर्किट से मकान की ऊपरी मंजिल में आग लग गई। इससे लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। दमकल विभाग की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग की घटना से कालोनी में अफरातफरी मच गई। धुएं का गुब्बार बनने से आसपास के लोग भी परेशान रहे।

खालापार थाना क्षेत्र की कालोनी किदवईनगर निवासी जहीम हुसैन अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार को उनके बड़े पुत्र जव्वाद का जन्म दिवस था, इसको लेकर परिवार वाले खुशी मना रहे थे। सोमवार देर रात जव्वाद व उसका भाई फरहान अपने लैपटाप और मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाकर पिता के साथ मीनाक्षी चौक स्थित रेस्टारेन्ट पर खाना खाने आ गए।

इसी बीच मकान की ऊपरी मंजिल से धुआं निकलता देखकर पड़ोसियों ने शोर मचा दिया। आनन-फानन में बाजार से जहीम भी स्वजन के साथ पहुंच गए। तब तक आग ने ऊपरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। आग के कारण दो लैपटाप, मोबाइल समेत घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।

दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पीड़ित जहीम ने बताया कि मकान में आग लगने से लगभग ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान ने बताया कि आग लगने की बाबत तहरीर नहीं दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *