रंगों के पर्व होली पर अपनों के पास घर पहुंचने की राह अब और भी सुगम होने वाली है। त्यौहार के दौरान होने वाली यात्रियों की भारी भीड़ और बस स्टैंडों पर लगने वाली लंबी कतारों को देखते हुए परिवहन निगम (रोडवेज) ने कमर कस ली है। डिपो ने यात्रियों की सुविधा के लिए 20 फरवरी से बसों के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है, ताकि किसी भी मुसाफिर को घंटों इंतजार न करना पड़े।
त्योहारों के समय अक्सर दिल्ली, लखनऊ और बरेली जैसे बड़े शहरों से आने और जाने और यहां से अन्य जिलों में जाने वाले यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। इसी दबाव को कम करने के लिए परिवहन निगम ने योजना तैयार की है। इसके तहत न केवल बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे, बल्कि रूटों पर बसों की उपलब्धता की निरंतर निगरानी भी की जाएगी।डिपो के पास वर्तमान में कुल 108 बसों का बेड़ा है, जो दिल्ली, मथुरा, लखनऊ, कानपुर, आगरा, मुरादाबाद, रामपुर, इलाहाबाद, टनकपुर, हरिद्वार, शाहजहांपुर, बदायूं और बरेली सहित तमाम प्रमुख स्थानों पर बसों का संचालन हो रहा है। विभाग का मुख्य ध्यान उन रूटों पर है जहां होली के दौरान सबसे ज्यादा मारामारी रहती है। विशेष रूप से लोकल रूटों पर चलने वाली बसों के फेरे बढ़ाए जा रहे हैं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों और नजदीकी शहरों के यात्रियों को तुरंत साधन मिल सके।


