महाशिवरात्रि पर अद्भुत शादी : सुरमा ने थामा प्रकाश का हाथ, रवि की हुई पार्वती

2.4kViews
1683 Shares

महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर के मारवाड़ी टोला स्थित एक निजी होटल में सोमवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार की हवेली खड़गपुर शाखा द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए निःशुल्क सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय संगीतमय वातावरण के बीच दो जोड़ों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया।

समारोह में सूरमा कुमारी के साथ प्रकाश मुर्मू तथा पार्वती कुमारी के साथ रवि कुमार परिणय सूत्र में बंधे। विवाह की सभी रस्में विधिवत संपन्न कराई गईं। भागवताचार्य विकास भारती ने वैदिक मंत्रों के बीच विवाह संस्कारों के धार्मिक, व्यवहारिक और वैज्ञानिक महत्व को सरल भाषा में उपस्थित लोगों को समझाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम राजीव रौशन, प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी और थानाध्यक्ष राजेश कुमार थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मुख्य पार्षद दीपा केशरी और पूर्व उपमुख्य पार्षद शंभू केशरी भी मौजूद रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

प्रशिक्षु डीएसपी मिथिलेश कुमार तिवारी ने कहा कि सादगी, समानता और संस्कार आधारित वैवाहिक परंपरा को बढ़ावा देने की दिशा में गायत्री परिवार का यह प्रयास सराहनीय है। ऐसे आयोजन न केवल सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक और सामाजिक संबल भी प्रदान करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *