शिवपुरी जिले के करैरा में दिनदहाड़े हुई वकील की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 18 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। शनिवार को 57 वर्षीय अधिवक्ता संजय सक्सेना की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर उस वक्त हत्या कर दी थी, जब वह कोर्ट जा रहे थे। इस मामले में पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और रविवार अल सुबह एक शॉर्ट एनकाउंटर के बाद सुपारी किलर सहित तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में दो गोलियां लगी हैं।
कोर्ट जाते समय मारी गई थी गोली
शनिवार को करैरा थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने अधिवक्ता संजय सक्सेना को उस समय निशाना बनाया, जब वह घर से कोर्ट जाने के लिए निकले थे। हमलावरों ने उन्हें रास्ते में रोककर बेहद करीब से गोली मारी और फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने परिजनों से बातचीत कर संदेहियों की सूची तैयार कराई। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल टावर लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तेजी से जांच आगे बढ़ाई।
जमीन विवाद में दी गई थी सुपारी
पुलिस जांच में सामने आया कि जमीन विवाद के चलते सुनील शर्मा नामक युवक ने वकील की हत्या की सुपारी दी थी। यह सुपारी पपेंद्र रावत (23) निवासी चांदपुर डबरा, गोलू रावत (25) निवासी घुघसी थाना बड़ौनी और जहीर (24) निवासी घुघसी थाना बड़ौनी को दी गई थी।
सूचना मिली कि तीनों आरोपी चिरली तिराहे के पास एक गोशाला में छिपे हैं। पुलिस ने दबिश दी तो मुख्य आरोपी पपेंद्र रावत ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के दौरान पपेंद्र के पैर में दो गोलियां लगीं, जिसके बाद तीनों आरोपितों ने सरेंडर कर दिया।


