जदयू में होगी आरसीपी सिंह की वापसी? ललन सिंह के ‘दोस्त’ ने दिया बड़ा बयान
सूर्यगढ़ा बाजार स्थित गोकुल नंदन कॉम्प्लेक्स के समीप शुक्रवार को सूर्यगढ़ा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रविशंकर प्रसाद सिंह उर्फ अशोक सिंह के नेतृत्व में समर्थकों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सह जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामचंद्र प्रसाद सिंह का (आरसीपी सिंह) भव्य स्वागत किया।
पटना से माणिकपुर में आयोजित एक धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने पहुंचे आरसीपी सिंह का समर्थकों ने फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने पटेल चौक पर स्थापित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
ललन के बयान पर आरसीपी का रिएक्शन
पत्रकारों ने उनसे केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के उस बयान पर प्रतिक्रिया मांगी, जिसमें उन्होंने कहा था- ये आरसीपी सिंह कौन हैं, मैं नहीं जानता।
इस पर आरसीपी सिंह ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, ललन बाबू हमारे पुराने मित्र थे, हैं और रहेंगे। पहचानने की बात कहां है। हम लोगों का पुराना संबंध रहा है। राजनीति में व्यक्ति से बड़ा विचार और काम होता है। मैं क्या हूं और कौन हूं, यह बिहार की जनता भली-भांति जानती है।
जदयू में संभावित वापसी की चर्चाओं पर उन्होंने दार्शनिक अंदाज में कहा, जीवन के हर क्षेत्र में राजनीति है- घर में भी और भगवान के यहां भी, लेकिन राजनीति का उद्देश्य सबका कल्याण और भाईचारा होना चाहिए। राजनीति संभावनाओं का क्षेत्र है, पर मेरा पहला धर्म जनता की सेवा है।
उन्होंने आगे कहा- मैं जहां रहूं, जिस भूमिका में रहूं, मेरी प्राथमिकता बिहार का विकास और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है। बाकी निर्णय समय और परिस्थिति तय करती हैं।


