मुख्य स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर अगर आप संगम में स्नान और पूजन करने आ रहे हैं तो अपने-अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। इससे आप अनावश्यक परेशानी से बच सकेंगे और समय पर स्नान करके गंतव्य के लिए रवाना भी हो जाएंगे।
ट्रैफिक व डायवर्जन प्लान लागू
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए माघ मेला पुलिस ने ट्रैफिक व डायवर्जन प्लान लागू किया है। इसमें सभी दिशाओं से आने वाले छोटे-बड़े वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग बनाई गई है। संगम के साथ ही शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रहेगी, जिसे देखते हुए डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है। हालांकि एंबुलेंस और प्रशासनिक वाहनों को डायवर्जन से छूट रहेगी। माघ मेला एसपी नीरज पांडेय ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुसार पार्किंग व डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।
परेड क्षेत्र
हेलीपैड व किसान यूनियन पार्किंग
काली मार्ग द्वारा आने वाले श्रद्धालुगण अपने हल्के वाहनों को काली सड़क पर बने पार्किंग स्थल हेलीपैड पार्किंग व किसान यूनियन पार्किंग स्थल में पार्क करने के बाद पैदल काली मार्ग द्वारा अपर संगम मार्ग से संगम स्नान घाट, हनुमान घाट व रामघाट पर स्नान हेतु जा सकेंगे। स्नान के बाद श्रद्धालु अक्षयवट मार्ग, खड़ंजा वापसी मार्ग होकर त्रिवेणी वापसी मार्ग से पार्किंग में पहुंचकर वाहन से गंतव्य की ओर जाएंगे।
प्लाट नंबर-17 पार्किंग
जवाहर लाल नेहरु मार्ग, एमजी मार्ग व बैरहना मार्ग की तरफ से आने वाले श्रद्धालुगण अपने भारी वाहनों को प्लाट नंबर 17 पार्किंग स्थल में पार्क कर पैदल काली मार्ग द्वारा अपर संगम मार्ग से संगम स्नान घाट, हनुमान घाट व रामघाट पर जा सकेंगे। स्नान के बाद श्रद्धालु अक्षयवट मार्ग/ खड़जा वापसी मार्ग होकर त्रिवेणी वापसी मार्ग द्वारा संबंधित पार्किंग में पहुंचकर अपने वाहनों से गंतव्य को वापस जा सकेंगे।
गल्ला मंडी पार्किंग
यहां श्रद्धालु अपने वाहनों को पार्क कर पैदल काली-02 मार्ग से मोरी रैम्प, किलाघाट मार्ग पहुंचकर काली उत्तरी घाट, मोरी घाट, शिवाला घाट व दशश्वामेध घाट जा सकेंगे। इसके उपरांत श्रद्धालुगण गंगामूर्ति चौराहा से ओल्ड जीटी रोड थाना दारागंज के सामने से अथवा रिवरफ्रण्ट मार्ग द्वारा संबंधित पार्किंग में पहुंचकर अपने वाहनों से गंतव्य को वापस जा सकेंगे।
नागवासुकि पार्किंग
फाफामऊ मार्ग एवं शहर क्षेत्र से स्नान हेतु आने वाले श्रद्धालुगण अपने वाहनों को नागवासुकी पार्किंग स्थल में पार्क कर पैदल संबंधित मार्ग द्वारा नागवासुकी स्नान घाट पर जा सकेंगे। स्नान के उपरांत श्रद्धालु संबंधित मार्गों व रिवर फ्रण्ट मार्ग द्वारा पार्किंग में पहुंचकर अपने वाहनों से गंतव्य को वापस जा सकेंगे।


