अमेरिका में एनबीसी एंकर और ‘टुडे’ शो की होस्ट सवाना गुथरी की मां नैन्सी गुथरी (84) को लापता हुए लगभग दो हफ्ते से ज्यादा समय हो गया है। लेकिन अभी तक नैन्सी गुथरी के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने इस मामले में दो हफ्ते बाद एक सस्पेक्ट का हुलिया शेयर किया है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, एफबीआई ने इस शख्स को के बारे में जानकारी देने वाले को 50 हजार डॉलर देने का एलान किया था, लेकिन अब यह इनाम बढ़ाकर एक लाख डॉलर कर दिया गया है।
FBI ने साझा किया नकाबपोश का फोटो
नैन्सी गुथरी को उनके एरिजोना वाले घर से अगवा किया गया। एफबीआई ने नकाबपोश का फोटो और वीडियो शेयर किया है, जो कि उन्हें डोरबेल कैमरे से मिला।
अधिकारियों का कहना है कि वह नकाबपोश हथियारबंद था। अधिकारियों ने बताया, जिस रात नैन्सी लापता हुईं, उस रात वह नकाबपोश डिवाइस के साथ छेड़छाड़ करता हुआ दिख रहा है।
FBI ने फुटेज में दिख रहे नकाबपोश की लंबाई 5 फीट 9 इंच से 5 फीट 10 इंच के करीब बताई है, जिसकी कद-काठी एवरेज थी। अधिकारियों को उस जगह से कई ग्लव्स भी मिले हैं, हालांकि यह साफ नहीं है कि सस्पेक्ट ने वे पहने थे या नहीं।
TV एंकर ने एक हफ्ते पहले शेयर किया था वीडियो
नैन्सी गुथरी की बेटी सवाना गुथरी, जो कि टीवी एंकर हैं, उन्होंने एक हफ्ते पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था।
इस वीडियो में सवाना किडनैपर्स को साफ मैसेज दे रही थीं, ‘हम आपसे विनती करते हैं कि हमारी मां को वापस लौटा दें। वे हमारे लिए बहुत कीमती हैं, उनके लिए जितना पैसा देना होगा, हम दे देंगे।’
नैन्सी गुथरी का किडनैप हुए दो हफ्ते बीत गए हैं, लेकिन अभी तक इस 84 साल की महिला के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।


