बॉर्डर-2 फिल्म की जबरदस्त सफलता के बीच अभिनेता सनी देओल मनाली के बर्फीले पहाड़ों में पहुंचे हैं। यहां से उन्होंने दहाड़ लगाई है। सन्नी देओल ने वीडियो जारी कर कहा कि आवाज कहां तक गई… आवाज दिलों तक गई है। उन्होंने बॉर्डर-2 फिल्म को पसंद करने के लिए दर्शकों का आभार जताया।
सन्नी देओल कुल्लू जिले के दशाल गांव में पहुंचे हैं। यहां स्थानीय निवासियों और प्रशंसकों ने उनका भव्य स्वागत किया।
प्रशंसकों को दिया फिल्म की सफलता का श्रेय
उन्होंने फिल्म में अपनी मशहूर ‘दहाड़’ दोहराई, जो फिल्म में बॉर्डर पार लाहौर तक गूंजने वाली आवाज से प्रेरित है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया में एक वीडियो शेयर कर बॉर्डर-2 फिल्म की सफलता का श्रेय अपने प्रशंसकों को दिया।
पांच दिन में ही 200 करोड़ पार
फिल्म बॉर्डर-2 ने रिलीज के बाद 5 दिनों में ही 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। यह 1971 के युद्ध पर आधारित देशभक्ति फिल्म है, जिसमें सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी हैं।
आवाज बॉर्डर तक जाए, दुश्मन कांपें
मनाली के हिल स्टेशन पर सनी देओल ने प्रशंसकों से कहा, “आवाज बॉर्डर तक जाए, दुश्मन कांपे!” जिस पर भीड़ गदगद हो गई। निर्देशक अनुराग सिंह की इस फिल्म का प्रसिद्ध संवाद वास्तविक सेना प्रशिक्षण से लिया गया है, जहां जवानों ने ‘लाहौर तक’ की पुकार लगाई थी।
मनाली में लिया है कॉटेज
सन्नी देओल ने मनाली के पास किराये पर कॉटेज लिया हुआ है। वह अकसर यहां छुट्टियां मनाने आते हैं। दशाल गांव मनाली से 17 किलोमीटर की दूरी पर है। सन्नी देओल इन दिनों यहीं ठहरे हुए हैं। यहां नाले के पास बैठकर उन्होंने वीडियो बनाया है, जिसमें आसपास बर्फ के ढेर भी दिख रहे हैं।


