मेजरगंज प्रखंड के कुंआरी मदन गांव स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में गुरुवार अपराह्न एक दर्दनाक हादसे में 11 वर्षीय छात्र आदित्य की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए।
बताया जा रहा है कि विद्यालय परिसर के बीचोंबीच से 11 हजार वोल्ट का हाई टेंशन तार गुजर रहा है। इसी तार की चपेट में आने से छात्र गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को शांत रहने की अपील की है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार को हटाने के लिए कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि लापरवाही के कारण पहले भी छोटे-मोटे हादसे हो चुके हैं।
इकलौते पुत्र आदित्य की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां ज्योति देवी विद्यालय पहुंचीं। उनकी चीत्कार से माहौल गमगीन हो उठा। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


