जमशेदपुर में ‘वाहन क्लोनिंग’ का सनसनीखेज मामला, एक ही नंबर पर दौड़ रही थीं दो कारें

2.6kViews
1621 Shares

 शहर के मानगो इलाके में वाहन क्लोनिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर (जेएच 05 सीएम 0742) पर दो अलग-अलग मारुति डिजायर कारें, एक नीली और दूसरी सफेद, सड़क पर दौड़ती मिली। पुलिस ने इस धोखाधड़ी को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

यह मामला बुधवार सुबह चेपापुल के पास तब उजागर हुआ, जब जवाहरनगर (रोड नंबर 17) निवासी मुबारक अली का ड्राइवर अरबाज नीली डिजायर कार लेकर जा रहा था। तभी उसने अपने आगे एक सफेद रंग की डिजायर देखी, जिस पर हुबहू वही नंबर अंकित था जो उसकी गाड़ी का था।

आपराधिक दुरुपयोग की आशंका

गाड़ी के असली मालिक मुबारक अली ने किसी बड़ी साजिश या आपराधिक दुरुपयोग की आशंका जताते हुए आजाद नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आमतौर पर अपराधी पुलिस को चकमा देने, ट्रैफिक चालान से बचने या अवैध गतिविधियों के लिए असली गाड़ियों के नंबर का इस्तेमाल दूसरी गाड़ी पर करते हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस चेपापुल और पारडीह क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि सफेद कार और उसके चालक की पहचान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *