ढाई माह बाद राजनीति में लौटे प्रशांत किशोर, बगहा से शुरू किया ‘बिहार नवनिर्माण अभियान’

1254 Shares

 जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने करीब ढाई माह के राजनीतिक अंतराल के बाद एक बार फिर सक्रिय राजनीति में वापसी की है। उन्होंने रविवार को बगहा से ‘बिहार नवनिर्माण अभियान’ की औपचारिक शुरुआत की। विधानसभा चुनाव में हार के बाद नए अभियान के साथ मैदान में उतरे प्रशांत किशोर ने कार्यकर्ताओं से संगठन को अगले पांच वर्षों में मजबूत करने का आह्वान किया।

सरकार पर गुमराह करने का आरोप

नगर स्थित आइबी गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने राज्य की डबल इंजन सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने शिक्षा और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था, लेकिन सरकार ने आर्थिक प्रलोभनों के जरिए जनता को गुमराह किया। महिलाओं को दो-दो लाख रुपये देने के वादे पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए और कहा कि अब जनता इन घोषणाओं का हिसाब मांग रही है।

आरजेडी को विपक्ष की भूमिका

आरजेडी-कांग्रेस गठबंधन में कथित दरार को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि जनता ने चुनाव के जरिए सभी दलों की भूमिका तय कर दी है। एनडीए को सरकार चलाने की जिम्मेदारी मिली है, आरजेडी को विपक्ष की भूमिका और जनसुराज को जनता के बीच रहकर मुद्दों पर काम करने का दायित्व मिला है।

लोगों से सीधा संवाद

उन्होंने बताया कि ‘बिहार नवनिर्माण अभियान’ के तहत वह हर जिले में एक से दो दिन रुकेंगे और गांव-गांव जाकर कार्यकर्ताओं व आम लोगों से सीधा संवाद करेंगे। अभियान के जरिए जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता की समस्याओं को समझने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

आगे की रणनीति पर चर्चा

कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद प्रशांत किशोर बगहा बाजार और नरवल-बरवल क्षेत्र के लिए रवाना हो गए, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर आगे की रणनीति पर चर्चा की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, एमएलसी अफाक अहमद सहित पार्टी के स्थानीय नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *