ओडिशा के रायगड़ा जिले के बिषमकटक ब्लॉक अंतर्गत चाटीकणा पंचायत के बारिगुड़ा गांव स्थित नलिनी विद्यामंदिर में शुक्रवार को अचानक झाड़ा-उल्टी (डायरिया और उल्टी) फैलने से हड़कंप मच गया। इस दौरान चौथी कक्षा में पढ़ने वाली 10 वर्षीय छात्रा लग्ना उरलाका की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक छात्र-छात्राओं को गंभीर हालत में बिषमकटक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को विद्यालय में अचानक कई बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। देर रात बड़ी संख्या में बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इसी बीच शनिवार सुबह छात्रा लग्ना उरलाका ने दम तोड़ दिया।
स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक आशंका है कि बच्चों में बीमारी का कारण दूषित पानी या भोजन हो सकता है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम बच्चों का इलाज कर रही है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि घटना की पूरी जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी। वहीं, गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है और अभिभावक बेहद चिंतित हैं।


