बेटियों को तंग किया तो होगी एफआईआर, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मनचलों को दी चेतावनी

2.6kViews
1591 Shares

स्कूल-कॉलेज जाने वाली बेटियों को तंग करने और छेड़छाड़ करने वाले मनचलों के खिलाफ उधमपुर पुलिस ने सख्ती का मोर्चा खोल दिया है।

कॉलेज की छात्राओं की समस्या को लेकर एबीपीवी के ज्ञापन सौंपने के 24 घंटे के भीतर ही एसएसपी के निर्देशों पर उधमपुर पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। बुधवार को महिला कॉलेज के आसपास विशेष नाके लगाकर बाइक सवार युवकों को रोक-रोककर पूछताछ की गई और सख्त चेतावनी भी दी गई।

बता दें कि बीते मंगलवार को एबीवीपी की सरकारी महिला कॉलेज इकाई ने एसएसपी उधमपुर को ज्ञापन सौंपकर शिकायत की थी कि छुट्टी के समय कुछ युवक मोटरसाइकिलों पर आकर कॉलेज की छात्राओं से अभद्र टिप्पणियां करते हैं, तेज रफ्तार में बाइक पास से निकालते हैं और उन्हें छेड़ते और उल्टी सीधी हरकतें कर परेशान करते हैं। कई बार छात्राएं इन मनचलों के मोटरसाइकिल से हिट होकर घायल भी हो चुकी हैं।

छात्राओं की इस शिकायत का कड़ा संज्ञान लेते हुए एसएसपी उधमपुर अशोक नागपुरे ने वूमेन सेल प्रभारी और एसएचओ को मनचलों पर नकेल कसने के लिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके तहत बुधवार को महिला कॉलेज जाने-आने वाले मार्ग पर विशेष नाका लगाने के साथ विभिन्न चौक चौहारों पर महिला पुलिसकर्मियों सहित अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

कार्रवाई के पहले ही दिन पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में दिखी। कॉलेज के पास से गुजरने वाले दोपहिया वाहनों को रोक-रोककर जांच की गई। विशेष रूप से बुलेट मोटरसाइकिलों की जांच करते हुए बदले हुए साइलेंसर और तेज आवाज निकालने वाले वाहनों पर सख्त नजर रखी गई। कई युवकों को मौके पर ही चेतावनी देकर अभिभावकों को भी सतर्क रहने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *