बकाया जमा न करने पर सात किसानों की भूमि कुर्क, जल्द होगी नीलामी
राजस्व विभाग की ओर से बुधवार को नायब तहसीलदार बबलू कुमार के नेतृत्व में बकाया वसूली को अभियान चलाया गया।
नायब तहसीलदार ने कहा कि इस समय बकाया वसूली पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है और इसके लिए ही संग्रह विभाग की ओर से वसूली कार्य को प्राथमिकता के तौर पर कराया जा रहा है। ऐसे में बुधवार को तहसील क्षेत्र के गांव नवाडा व अतौरा में बैंक ऋण जमा न करने वाले किसानों की भूमि को चिंह्नित कर वहां पर झंडी लगाई गई है। अब इस भूमि की नीलामी 28 फरवरी को की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस दौरान गांव नवाडा निवासी उदयवीर सिंह, आमिर हुसैन तथा गांव अतौरा निवासी रामवीर, प्रताप, योगपाल सिंह, प्रेमपाल सिंह व रामनिवास की भूमि को गांव में चिंह्नित किया गया। साथ ही उस भूमि पर झंडी लगाकर उसको कुर्क किया गया। जिससे उसकी नीलामी कराई जा सके। इस दौरान क्षेत्रीय लेखपाल के साथ ही संग्रह अमीन भी टीम के साथ शामिल रहे।


