फिल्ममेकर करण जौहर ने फरवरी के पहले हफ्ते में यूट्यूबर कैरी मिनाटी उर्फ अजय नागर (रियल नेम) के खिलाफ ‘बॉम्बे सिविल कोर्ट’ में मानहानि का मुकदमा दायर किया था, जिसमें उन्हें बड़ी जीत हासिल हुई है।
कोर्ट ने करण जौहर के फेवर में फैसला सुनाते हुए कैरी मिनाटी को फटकार लगाई है और सख्त हिदायत दी है। करण जौहर पर कौन सा रोस्ट वीडियो बनाकर बुरे फंसे यूट्यूबर कैरी मिनाटी, नीचे विस्तार से पढ़ें:
करण जौहर को रोस्ट करते हुए कैरी मिनाटी ने बनाया था वीडियो
कैरी मिनाटी ने 23 जनवरी 2026 को अपने यूट्यूब पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने निर्माता करण जौहर को रोस्ट किया था। वीडियो का टाइटल था ‘कॉफी विद जलन’। यह वीडियो करण जौहर के पॉपुलर शो ‘कॉफी विद करण’ का स्पूफ था। कैरी के इस रोस्ट वीडियो के वायरल होने के बाद करण जौहर ने सिविल कोर्ट में उनके खिलाफ मानहानि का केस दर्ज किया।
करण जौहर की कानूनी याचिका के मुताबिक, कैरी ने इस वीडियो में उनके लिए अभद्र भाषा का उपयोग किया है और उन पर सीधे तौर पर कई व्यक्तिगत हमले किए हैं। इस वीडियो में कैरी ने बॉलीवुड में नेपोटिज्म के मुद्दे को लेकर भी काफी उट-पटांग बातें कही थीं। करण जौहर ने तर्क दिया कि इस रोस्ट वीडियो को हटाने से पहले ही मिलियंस में व्यूज मिल चुके हैं, जिसके चलते उनकी प्रतिष्ठा और इतने सालों में फिल्म इंडस्ट्री में कमाई गई इज्जत को नुकसान पहुंचा है।


