गोपालडेरा गांव इन दिनों आस्था और रहस्य का अनोखा संगम बना हुआ है। गांव के एक झाड़ीदार इलाके से एक ही जगह पर पिछले कई दिनों से एक कोबरा सांप का बार-बार निकलना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, सांप लगभग प्रतिदिन उसी स्थान से बाहर आता है, कुछ देर तक फन फैलाकर बैठता है और फिर झाड़ियों में वापस चला जाता है। इस असामान्य दृश्य ने लोगों के मन में भय से अधिक श्रद्धा और कौतूहल उत्पन्न कर दिया है।
पूजा-पाठ जारी
बुधवार को इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग गोपालडेरा पहुंचने लगे। देखते ही देखते वहां मेला जैसा दृश्य बन गया। महिलाएं ढोलक-झाल के साथ सोहर और शिवचर्चा गा रही हैं।
वहीं श्रद्धालु फूल, अगरबत्ती और प्रसाद चढ़ाकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। कई लोग इसे नाग देवता का साक्षात दर्शन मान रहे हैं। कुछ महिलाओं का कहना है कि भगवान शिव की विशेष कृपा से यह दर्शन संभव हुआ है। आस्था के इस माहौल में लोग अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए मन्नतें भी मांग रहे हैं।
मंदिर निर्माण कराने की मांग
कई ग्रामीणों ने उस स्थान पर छोटा मंदिर निर्माण कराने की मांग भी उठाई है, ताकि नियमित पूजा हो सके। हालांकि गांव के कुछ समझदार लोग इसे सांप का प्राकृतिक व्यवहार मान रहे हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं।


