दिल्ली मेट्रो के फेज-4 के अंतर्गत बन रहा इंद्रप्रस्थ-इंद्रलोक कॉरिडोर ग्रीन लाइन की जगह मजेंटा लाइन का हिस्सा होगा। इसके चालू होने के बाद मजेंटा लाइन बॉटनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक होगा। इससे इसकी कुल लंबाई 39.271 किलोमीटर से बढ़कर लगभग 89 किलोमीटर हो जाएगी
इससे यह दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा कॉरिडोर हो जाएगा। अभी सबसे लंबा कॉरिडोर पिंक लाइन है। इसकी लंबाई अभी 59.242 किलोमीटर है और विस्तार के बाद लगभग 71.5 किलोमीटर हो जाएगी। सबसे लंबा कॉरिडोर होने के साथ ही तकनीकी रूप से भी इसका विशेष महत्व है।
11.9 किलोमीटर लंबा इंद्रप्रस्थ-इंद्रलोक कॉरिडोर को पहले ग्रीन लाइन का (कीर्ति नगर/इंद्रलोक से ब्रिगेडियर होशियार सिंह) का विस्तार में शामिल किया गया था।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने इसे बदलकर मजेंटा लाइन (नोएडा के बॉटनिकल गार्डन से जनकपुरी पश्चिम) के विस्तार में शामिल किया है। पहले मजेंटा लाइन का जनकपुरी पश्चिम से आरके आश्रम तक विस्तार किया जाना था। हाल ही में केंद्र सरकार ने फेज पांच (ए) के अंतर्गत सेंट्रल विस्टा को जोड़ने के लिए आरके आश्रम से इंद्रप्रस्थ तक कॉरिडोर की अनुमति दी है।
इस कारण इंद्रप्रस्थ-इंद्रलोक कॉरिडोर को अब मजेंटा लाइन में शामिल किया गया है। इंद्रलोक मजेंटा लाइन का टर्मिनल स्टेशन होगा। यहां यात्रियों को ग्रीन लाइन और रेड लाइन का इंटरचेंज मिलेगा।
इस कॉरिडोर पर पड़ने वाले इंटरचेंज स्टेशन
परियोजना के पूर्ण होने पर बॉटनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक मजेंटा लाइन पर कुल 65 स्टेशन होंगे। इनमें से 40 स्टेशन भूमिगत होंगे। यह सर्वाधिक भूमिगत स्टेशनों व इंटरचेंज स्टेशनों के साथ दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा कॉरिडोर होगा। इस लाइन पर कुल 21 इंटरचेंज स्टेशन होंगे।


