औराई कोतवाली के बनपुरवा जंगला गांव में मंगलवार की सुबह नौ बजे चार बिस्वा आवासीय पट्टे की जमीन पर न्यायालय से स्थगन आदेश बाद भी निर्माण कार्य कराने को लेकर विजयशंकर यादव व फूलचंद यादव के बीच मारपीट हो गई। जानकारी पर दो पक्षों से लोग मौके पर आ गए और एक दूसरे पर लाठी डंडे, ईंट पत्थर से प्रहार करने लगे।
इसी बीच विजयशंकर पक्ष से ब्रजेश यादव व भतीजे अन्नू ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर व रायफल से तीन फायर झोंक दिए। इसमें रिवाल्वर की गोली लगने से 34 वर्षीय आशीष यादव की मौत हो गई।
उनके बड़े भाई चचेरे भाई 30 वर्षीय अखिलेश यादव रायफल की गोली व 50 वर्षीय राजनाथ यादव सिर पर लाठी लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के पहुंचते ही हमलावर भाग खड़े हुए।
पुलिस ने घायलोें को औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। दो की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, सीओ समेत तीन थानों की फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने विजयशंकर के घर से लाइसेंसी रिवाल्वर, रायफल को जब्त किया और तीन खोखे बरामद किए।
घर में छिपे ब्रजेश यादव, अधिवक्ता अन्नू व लालधर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
अखिलेश यादव की तहरीर पर हत्या समेत विभिन्न धाराओं में चार नामजद, दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गांव में तनाव की स्थिति देख पुलिस बल तैनात किया गया है।
गांव में ही विजय शंकर व फूलचंद (दोनाें चचेरे भाई) को चार बिस्वा जमीन का पूर्व में आवासीय पट्टा मिला है। फूलचंद आर्थिक रूप से कमजोर होने के चलते झोपड़ी लगा कर रहते हैं। दोनों के बीच जमीन बंटवारे को लेकर पूर्व में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों को न्यायालय से जमीन की यथास्थिति को लेकर स्थगन आदेश मिला है।
मंगलवार को विजय बहादुर व लालधर पूरी जमीन जबरन निर्माण कार्य करा रहे थे। निर्माण होते देख फूलचंद पक्ष के आशीष, राजनाथ व अखिलेश निर्माण रोक रहे थे। इसी बीच विजय शंकर पक्ष से ब्रजेश कुमार व अनु ने लाइसेंसी पिस्टल व रायफल से फायर झोंक दिया।
रिवाल्वर की एक गोली आशीष के सीने पर लगी, इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रायफल की गोली से अखिलेश घायल हो गए। राजनाथ के सिर पर लाठी लगने से घायल हो गए। आशीष की मौत होते ही पूरे गांव में हलचल मच गई।


