बिहार की पहचान अब केवल सिविल सर्विसेज तक सीमित नहीं रही है। राज्य के युवा स्टार्टअप और इनोवेशन की दुनिया में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उद्यमी योजना और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड स्कीम से प्रेरित होकर सारण (छपरा) के निवासी रविचंद शर्मा ने ऐसा ही उदाहरण पेश किया है।
रविचंद शर्मा, आरसीएक्स लाइटिंग प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक, ने मशहूर टीवी शो ‘शार्क टैंक इंडिया’ के मंच पर अपने अनोखे और किफायती लाइटिंग सॉल्यूशन प्रस्तुत किए। उनके इनोवेटिव डिजिटल डिस्प्ले और बिल्डिंग लाइटिंग कॉन्सेप्ट ने निवेशकों को खासा प्रभावित किया। शो में मौजूद सभी शार्क्स ने उनकी सोच और तकनीक की खुलकर सराहना की, जिससे बिहार का मान और भी ऊंचा हुआ।


